प्रभास की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘द राजा साब’ के लिए बॉक्स ऑफिस पर मुश्किलें बढ़ती जा रही है. इस भारी भरकम बजट में बनी फिल्म की कमाई लगातार गिरती जा रही है और इसमें जरा भी उछाल के आसार नहीं दिख रहे हैं. रिलीज के पांच दिन बाद भी फिल्म दुनिया भर में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है, और न ही संक्रांति पर फ्लॉप हुई फिल्म ‘गेम चेंजर’ की कमाई को पीछे छोड़ पाई है.
‘द राजा साब’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
‘द राजा साब’ ने अपने पहले दिन, शुक्रवार को, दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे पोंगल/संक्रांति से पहले के वीकेंड में फिल्म की अच्छी शुरुआत हुई. हालांकि, शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई में भारी गिरावट आई और फिर मंडे टेस्ट में ये फिल्म बुरी तरह फेल हो गई. वहीं मंगलवार को, ‘द राजा साब’ की कमाई और भी गिर गई और भारत में इसने महज 4.85 करोड़ की नेट कमाई की. ‘द राजा साब’ की अब भारत में कमाई 119.45 (143.25 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन) करोड़ हो गई है.
विदेशी बाजार में, अमेरिका में पहले दिन की मजबूत शुरुआत के बदौलत, मारुति द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने लगभग $4 मिलियन की कमाई की है. इससे फिल्म का तीन दिनों का ग्लोबल ग्रॉस कलेक्शन 175 करोड़ रुपये हुआ.
द राजा साब का आगे का सफर मुश्किल
द राजा साहब के लिए यह सफर मुश्किल लग रहा है. पांचवें दिन तक, सालार ने दुनिया भर में 425 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था, जबकि कल्कि 2898 एडी 600 करोड़ रुपये की ओर बढ़ रही थी. इनके मुकाबले, द राजा साब काफी पीछे है. इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन अभी भी राम चरण की गेम चेंजर से कम है. शंकर की इस फिल्म ने पिछले साल 186 करोड़ कमाए थे और इसे तेलुगु सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस फ्लॉप फिल्मों में से एक माना गया था. दुर्भाग्य से, द राजा साहब भी उसी राह पर चल रही है.
द राजा साब के बारे में
मारुति द्वारा निर्देशित, द राजा साब से प्रभास ने एक दशक से ज्यादा समय बाद फैमिली एंटरटेनिंग जॉनर में वापसी को लेकर एक्साइटमेंट जगाई थी. बाहुबली सीरीज के बाद प्रभास की सभी फिल्में एक्शन से भरपूर थीं. इसमें संजय दत्त, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार, बोमन ईरानी और ज़रीना वहाब भी हैं. हालांकि, क्रिटिक्स से ज्यादातर निगेटिव रिव्यू मिलने के बाद, द राजा साब बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई है.