जून का महीना मूवी लवर्स के लिए काफी खास रहा है. दरअसल जून के महज 15 दिनों में बॉलीवुड से लेकर तेलुगु सिनेमा, मराठी सिनेमा और मलयालम फ़िल्म इंडस्ट्री की कई फ़िल्में सिनेमाघरों में दर्शकों को एंटरटेन करने के लिए पहुंच चुकी हैं. हालांकि बॉलीवुड की कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चल पाई है. वहीं साउथ और मराठी फिल्मों पर पैसों की बारिश हो रही है. चलिए यहां जून के 15 दिनों की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट जानते हैं.
पेद्दी
साउथ सुपर स्टार रामचरण की तेलुगु फिल्म पेद्दी 4 जून को रिलीज हुई थी इस स्पोर्ट्स ड्रामा ने बॉक्स ऑफिस लूट लिया है. हालांकि ये अपने 350 करोड़ की लागत तो नहीं वसूल कर पाई है लेकिन जून 2026 के 15 दिनों में रिलीज हुई पहली फिल्म है जिसने 200 करोड़ का आंकड़ा पार किया है. सैकनिल्क के मुताबिक भारत में इसका 13 दिनों का कुल नेट कलेक्शन 223.55 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन 264.92 करोड़ हो गया है.
‘है जवानी तो इश्क होना है’
5 जून को रिलीज हुई वरुण धवन की है जवानी तो इश्क होना है बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं कर पाई. ये बॉलीवुड फिल्म रिलीज के 12 दिनों बाद भी 50 करोड़ नहीं कमाई पाई है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म ने भारत में 12 दिनों में 47.50 करोड़ की कुल नेट कमाई की है.
बंदर
अनुराग कश्यप निर्देशित और बॉबी देओल स्टारर बॉलीवुड फिल्म बंदर भी 5 जून को सिनेमाघरों में पहुंची थी. ये फिल्म हफ्ते भर में ही बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी गई थी. ये फिल्म बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक 4.09 करोड़ की लाइफटाइम कमाई कर पाई है.
भारत भाग्य विधाता
इस 12 जून को रिलीज हुई कंगना रनौत की भारत भाग्य विधाता भी बॉक्स ऑफिस पर ठंडी साबित हुई है. ये फिल्म रिलीज के पांच दिनों में सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक 5.55 करोड़ रुपये हो गई है.
गवर्नर
12 जून को रिलीज हुई मनोज बाजपेयी की गवर्नर को भी दर्शकों से प्यार नहीं मिला. फिल्म रिलीज के पहले ही दिन पिट गई थी. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने रिलीज के 5 दिनों में 4.41 करोड़ कमा डाले हैं.
मैं वापस आउंगा
दिलजीत दोसांझ स्टारर और इम्तियाज अली निर्देशित मैं वापस आऊंगा भी बॉक्स ऑफिस पर खास परफॉर्म नहीं कर रही है. फिल्म ने रिलीज के 5 दिनों में सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक 8.30 करोड़ की कमाई कर ली है.
तुम्बाडची मंजुला
6 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 12 दिनों में अपनी लागत से ज्यादा कमाई कर ली है. इस मराठी फिल्म ने रिलीज के 12 दिनों में भारत में 12.25 करोड़ ग्रॉस और कुल नेट कमाई 10.74 करोड़ हो गई है.
‘मॉलीवुड टाइम्स’
मलयालम फिल्म ‘मॉलीवुड टाइम्स’ को रिलीज हुए 12 दिन हो चुके हैं. इस फिल्म ने भारत में 9.47 करोड़ की नेट कमाई की है. वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 10.52 करोड़ रुपये हुआ है. ये फिल्म 8 से 10 करोड़ की लागत में बनी बताई जा रही है. ऐसे में इसने अपना बजट वकसूल कर लिया है.