साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर एक बार फिर अपनी सादगी की वजह से चर्चा में आ गए हैं. गुरुवार को वो हैदराबाद के एनटीआर घाट पहुंचे, जहां उन्होंने अपने दादा और दिग्गज अभिनेता और पूर्व आंध्र प्रदेश मुख्यमंत्री एन. टी. रामा राव को श्रद्धांजलि दी. साथ ही उनकी 103वीं जयंती पर वहां बड़ी संख्या में फैंस, समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे. इस बीच जूनियर एनटीआर का एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया.
पैर पर गिरा फैन
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में श्रद्धांजलि देने के बाद जूनियर एनटीआर अपनी सिक्योरिटी टीम के साथ भीड़ से बाहर निकल रहे थे. तभी एक फैन उनसे मिलने और हाथ मिलाने की कोशिश में करने लगा और अचानक उनके पैरों में गिर पड़ा. वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स ने तुरंत फैन को पीछे हटाया, लेकिन जूनियर एनटीआर ने बहुत शांत और प्यार भरे अंदाज में रुककर फैन से हाथ मिलाया. अब ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी तरफ कर रहे हैं.
एनटीआर ने किया पोस्ट
इसके अलावा जूनियर एनटीआर ने X पर अपने दादा एन. टी. रामा राव की तस्वीर शेयर कर लिखा कि उनके दादा की मौजूदगी और उनके कदमों की गूंज आज भी तेलुगु लोगों के दिलों में खुशी और जोश भर देती है. वो हमेशा अपने दादा के प्यार और आशीर्वाद के ऋणी रहेंगे.
— Jr NTR (@tarak9999) May 28, 2026
एन. टी. रामा राव का सफर
बता दें कि एन. टी. रामा राव तेलुगु सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते थे. फिल्मों में शानदार सफलता पाने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री भी बने. उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी की स्थापना की थी और लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता थी. आज भी साउथ में लोग उन्हें बड़े सम्मान के साथ याद करते हैं. यही वजह है कि उनकी जयंती पर हर साल बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं.
अगले साल रिलीज होगी फिल्म
वहीं काम की बात करें, तो जूनियर एनटीआर जल्द ही अपनी नई फिल्म ‘ड्रैगन’ में नजर आने वाले हैं, जो 11 जून 2027 को रिलीज होगी. इस फिल्म का निर्देशन प्रशांत नील कर रहे हैं. फिल्म में अनिल कपूर, आशुतोष राणा, रुक्मिणी वसंत और बीजू मेनन भी लीड रोल में दिखाई देंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में एनटीआर एक खतरनाक किलर का किरदार निभा रहे हैं, जो अफीम के कारोबार और गैंगवार की हिंसक दुनिया में फंसा हुआ है. हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टीजर को दर्शकों ने काफी पसंद किया.