तेलुगु स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ ने रिलीज के दो दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस हिला डाला है. राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर इस फिल्म को क्रिटिक्स से मिला जुला रिव्यू मिला था और इसने पहले दिन ही उम्मीदों से कहीं बेहतर परफॉर्म किया था. वहीं रिलीज के 48 घंटों के भीतर, बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित यह फिल्म 2026 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉलीवुड फिल्म बन गई है.
पेद्दी ने दूसरे दिन कितना किया कलेक्शन
शानदार ओपनिंग डे के बाद पेद्दी की कमाई में दूसरे दिन यानी शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई. हालांकि तमाम नई रिलीज फिल्मों से मुकाबला करते हुए भी सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक पेद्दी ने रिलीज के दूसरे दिन 26.90 करोड़ रुपये कमाए हैं.
वहीं इसने पहले दिन 51 करोड़ रुपये की कमाई की थी. इसी के साथ इसकी भारत में कुल कमाई 96.40 करोड़ रुपये (नेट) तक पहुंच गई है. वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 114.49 करोड़ रुपये हुआ है.
उस्ताद भगत सिंह को दी मात
पवन कल्याण को इस साल की शुरुआत में उस्ताद भगत सिंह से निराशा हाथ लगी थी, जिसने कुल मिलाकर 72.38 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. मात्र 48 घंटों में, पेड्डी ने इसे पीछे छोड़ते हुए 2026 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉलीवुड फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. अब यह प्रभास की द राजा साहब को टक्कर देने की दौड़ में है.
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 2026 की टॉप 3 हाईएस्ट ग्रॉसिंग तेलुगु फिल्में
- माना शंकरा वर प्रसाद गारू- 220.99 करोड़
- द राजा साहब-146.04 करोड़
- पेद्दी- 96.40 करोड़
तीसरे दिन 100 करोड़ी बन जाएगी ‘पेद्दी’
राम चरण की इस फिल्म को दर्शकों से पॉजिटिव रिव्यू मिल रहा है. वैसे भी तेलुगु सिनेमा में कोई अन्य कंपटीटर न होने के कारण, इसके पहले वीकेंड में अच्छी कमाई की उम्मीद है. वहीं ये स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा आज आसानी से 100 करोड़ के क्लब में एंट्री कर जाएगी. इसी के साथ ये राम चरण की पिछली रिलीज, गेम चेंजर (131.2 करोड़) को मात के नजदीक पहुंच जाएगी.