राम चरण की लेटेस्ट रिलीज फिल्म पेद्दी 4 जून,गुरुवार को रिलीज हो गई है और ये पूरे भारत में धूम मचाने के वादे के साथ आई है. लेकिन हिंदी वर्जन में फिल्म को लेकर खास बज नहीं दिख रहा है. हालांकि इस फिल्म के तेलुगु मार्केट में गदर मचाने की उम्मीद है. इन सबके बीच नॉर्थ इंडिय में फिल्म की परफॉर्मेस की भी बड़ी चर्चा है. इसी के साथ चलिए जानते हैं ये फिल्म हिंदी वर्जन में कितने करोड़ से ओपनिंग कर सकती है.
हिंदी भाषा में कितने करोड़ से ओपनिंग कर सकती है पेद्दी?
राम चरण की आरआरआर ब्लॉकबस्टर रही थी और इस फिल्म ने एक्टर को देश और दुनियाभर में खूप पहचान दिलाई. ऐसे में स्टार के लिए हिंदी भाषी क्षेत्र में भी राम चरण की नई रिलीज पेद्दी की परफॉर्मेंस पर सबकी नजरें हैं. वहीं ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें तो पेद्दी को हिंदी में कमजोर ओपनिंग का सामना करना पड़ सकता है. राम चरण की इस फिल्म के हिंदी वर्जन में रिलीज के पहले दिन 2 करोड़ से 3 करोड़ रुपये के बीच नेट कलेक्शन की उम्मीद है.राम चरण स्टारर बड़े पैमाने पर रिलीज हुई फिल्म के लिए यह एक धीमी शुरुआत है. इसी के साथ नॉर्थ इंडिया में फिल्म की निराशाजनक ओपनिंग होती दिख रही है.
बता दें पेद्दी में सुपरस्टार राम चरण लीड रोल में हैं और इसे 350 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बाया गया है. ऐसे में हिंदी में इसकी शुरुआती कमाई लगभग 20 करोड़ (नेट) होनी चाहिए थी. सबसे बड़ी चिंता की बात सिर्फ कम अनुमानित कमाई ही नहीं है, बल्कि हिंदी भाषी क्षेत्र में फिल्म का बेहद कमजोर प्रमोशन भी है. इसकी एडवांस बुकिंग भी बहुत कम रही है, वहीं हिंदी भाषी क्षेत्र में फिल्म का डिस्ट्रिब्यूशन भी बेहद निराशाजनक है. राम चरण जैसे स्टार को उत्तर भारत में कहीं ज्यादा मजबूत रिलीज मिलनी चाहिए थी.
पेद्दी के बारे में
पेड्डी एक तेलुगु स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है, जिन्होंने इससे पहले उप्पेना बनाई थी. फिल्म में राम चरण मुख्य भूमिका में हैं, उनके साथ जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी भी हैं. ए. आर. रहमान ने फिल्म का म्यूजिक दिया है, जबकि आर. रत्नवेलु ने सिनेमैटोग्राफी की है.