पॉपुलर फिल्म एक्टर, जन सेना पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण कोनिडेला की तीसरी शादी भी टूट गई है. पवन ने अपनी पत्नी अन्ना कोनिडेला से तलाक की घोषणा कर दी है. सोमवार देर रात जारी एक कंबाइंड स्टेटमेंट में दोनों ने 13 साल की शादी के बाद सैपरेशन का ऐलान कर दिया.
पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला की 13 साल की शादी टूटी
सोमवार देर रात कल्याण के इंस्टाग्राम पेज पर जारी एक जॉइंट स्टेटमेंट में कहा कि उन्होंने यह फैसला “आपसी समझ और सम्मान” के साथ लिया है. उन्होंने यह भी कहा कि वे आगे भी अच्छे दोस्त बने रहेंगे. बयान में कहा गया, “भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने प्यारे बच्चों के लिए डेडिकेटेड माता-पिता रहेंगे. उनकी खुशी और भलाई हमेशा हमारी शेयर्ड प्रायोरिटी रहेगी.”
बयान में कहा गया, “जीवन के इस निजी बदलाव के दौर में, हम आपकी समझ, दयालुता और हमारी प्राइवेसी के प्रति सम्मान की उम्मीद करते हैं. हम उन सभी लोगों का दिल से आभार जताते हैं जो इस पूरे सफर में हमारे साथ खड़े रहे.”
पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला के नाम से जारी इस स्टेटमेंट में उनके अलग होने के फैसले के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है. इसमें कानूनी तलाक की प्रक्रिया या बच्चों की कस्टडी को लेकर भी कोई जिक्र नहीं है.
पवन कल्याण की तीन शादियां टूटीं
इस सैपरेशन के साथ ही पवन कल्याण की तीसरी शादी भी खत्म हो गई है. बता दें कि पवन कल्याण ने 1997 में पहली शादी नंदिनी से की थी, लेकिन 1999 में वे अलग हो गए थे. बाद में 2009 में उन्होंने एक्ट्रेस रेणु देसाई से शादी की, जिनसे उनके दो बच्चे (एक बेटी और एक बेटा) हैं, साल 2012 में तलाक के साथ उनकी यह शादी भी खत्म हो गई. इसके बाद साल 2013 में पवन ने अन्ना से शादी की, जो मूल रूप से रूस की रहने वाली हैं. इस जोड़ी के भी दो बच्चे हैं – पोलेना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच.