श्रीकांत ओडेला अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द पैराडाइज’ की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं. कई बार टलने के बाद फाइनली नानी स्टारर ये फिल्म 24 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. इन सबके बीच मेकर्स ने यूट्यूब पर शेयर एक नई वीडियो क्लिप शेयर की है जिसमें फिल्म में विलेन बने राघव जुयाल के साथ श्रीकांत नजर आ रहे हैं. बातचीत के दौरान, श्रीकांत ‘रंगस्थलम’ की शूटिंग के समय राम चरण से मिले एक खास तोहफे का एक दिलचस्प किस्सा सुनाते नजर आते हैं.
राम चरण को खूब परेशान करते थे श्रीकांत
वीडियो में राघव श्रीकांत से उनके गले में पहने हुए ‘रुद्राक्ष’ के लॉकेट में बारे में पूछते हैं. जिस पर डायरेक्टर बताते हैं कि, “मैं इसे ‘रंगस्थलम’ फिल्म के समय से ही पहन रहा हूं. जब मैं उस फिल्म पर काम कर रहा था, तो मैं कॉस्ट्यूम, सुबह-सुबह की शूटिंग और ऐसी ही दूसरी चीजों को लेकर राम चरण की टीम को बहुत परेशान करता था. बेशक, यह परेशानी अच्छे मकसद से होती थी! फिल्म खत्म होने के आस-पास, यानी आखिरी दिन, उनकी टीम के किसी सदस्य ने मुझे फोन किया.”
रामचरण ने श्रीकांत को दिया था खास गिफ्ट
श्रीकांत ने आगे बताया, “मैं वैन के अंदर गया और रामचरण से पूछा कि उन्होंने मुझे क्यों बुलाया. यह मेरा सबसे बड़ा सवाल था क्योंकि वह कभी फोन नहीं करते थे. वह फिल्म में यह लॉकेट पहनते थे, और इसके सिर्फ दो ही पीस हैं… जिन्हें चिरंजीवी ने ऑर्डर किया था. तो अचानक उन्होंने मुझे वह दिया और कहा कि इसे अपने पास रख लूं.
मुझे अब भी नहीं पता कि उन्होंने मुझे यह क्यों दिया और मैंने इसे कभी बाहर नहीं निकाला. जब उन्होंने मुझे यह दिया तो मैं बहुत इमोशनल हो गया और उनसे एक भी सवाल नहीं पूछा. जब मैं हाल ही में उनसे मिला तो मैंने उनसे इसके बारे में पूछा और ऐसा लगा कि वह इसके बारे में भूल चुके थे…”
‘द पैराडाइज’ के बारे में
बता दें कि ‘दसारा’ के बाद श्रीकांत ओडेला और नानी दूसरी बार ‘द पैराडाइज़’ के साथ बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रहे हैं. इस फिल्म को एसएलवी सिनेमाज़ के बैनर तले सुधाकर चेरुकुरी ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में कायाडू लोहार, राघव जुयाल और मोहन बाबू भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. अनिरुद्ध रविचंदर ने इसका म्यूजिक कंपोज किया है. ।
‘द पैराडाइज’ को पहले मार्च में और फिर अगस्त में रिलीज किया जाना था. लेकिन प्रोडक्शन में देरी के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया था. अब आखिरकार इसे 24 सितंबर को रिलीज किया जाएगा.
ये भी पढ़ें:-दूसरे मंडे घटी ‘मिर्जापुर द मूवी’ की कमाई, लेकिन बनी साल की चौथी हिट फिल्म, जानें- 11 दिनों का कलेक्शन