पैन इंडिया स्टार प्रकाश राज अक्सर अपने बेबाक बयानों की वजह से सुर्खियों में छाए रहते हैं. वहीं अब एक्टर ‘रामायण’ पर टिप्पणी करके बुरे फंस गए हैं. उन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप लग रहे हैं और ये मामला राजनीतिक और कानूनी विवाद में तब्दील हो गया है.
प्रकाश राज के खिलाफ शिकायत दर्ज
बता दें कि प्रकाश राज ने ‘रामायण’ पर टिप्पणी कर दी थी जिसके बाद उनके खिलाफ आंध्र प्रदेश के भाजपा नेता और तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम बोर्ड से जुड़े सदस्य भानु प्रकाश ने शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने अभिनेता पर मानहानिकारक और आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि प्रकाश राज की टिप्पणी से हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं.
अधिकारियों को दी गई अपनी याचिका में भानु प्रकाश ने मांग की है कि न केवल प्रकाश राज के खिलाफ बल्कि उन अन्य लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए जिन्होंने कथित तौर पर इन टिप्पणियों को बढ़ावा दिया या उनका प्रचार किया. उन्होंने इन टिप्पणियों को “अपमानजनक” बताया है और दावा किया है कि इनका उद्देश्य धार्मिक नेरेटिव को ठेक पहुंचाना और आक्रोश भड़काना था.
कैसे हुई विवाद की शुरुआत?
ये विवाद जनवरी में केरल लिट्रेचर फेस्टिवल में शुरू हुआ था. इस इवेंट में प्रकाश राज पहुंचे थे. यहां उन्होंने पत्रकार शाहिना केके के साथ एक चर्चा में हिस्सा लिया था. इस सेशन के दौरान, उन्होंने एक चाइल्ड थिएटर परफॉर्मेंस के बारे में बात की, जिसमें राम, लक्ष्मण, रावण और शूर्पणखा जैसे पात्रों को मॉर्डन और सटायरिकल के डायलॉग्स के साथ प्रेजेंट किया गया था. उन्होंने कहा की परफॉर्मेंस में ह्यूमर को एड करते हुए फलों, भुगतानों और जीएसटी का भी जिक्र किया गया था. उनके नरेशन के कुछ क्लिप बाद में ऑनलाइन सामने आए और वायरल हो गए, जिससे सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग ने इसकी आलोचना की.
16 अप्रैल को भी शिकायत हुई दर्ज
मामला इस महीने की शुरुआत में तब और गंभीर हो गया जब एडवोकेट अमिता सचदेवा ने 16 अप्रैल को एक अलग शिकायत दर्ज कराई. खुद को एक धर्मनिष्ठ हिंदू बताते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि ये टिप्पणियाँ जानबूझकर और अपमानजनक थीं, और कहा कि उनकी धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि हिंदू देवी-देवताओं और सनातन धर्म का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए.
अधिकारियों द्वारा शिकायतों की समीक्षा की जा रही है. वहीं इस मामले पर प्रकाश राज की ओर से अभी तक कोई ऑफिशियल रिएक्शन जारी नहीं किया गया है.