गुरुवार, 9 जुलाई की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट गई है. जहां आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ घटती कमाई के बावजूद सभी फिल्मों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं ‘वेलकम टू द जंगल’ ने गुरुवार को अपनी पूरी लागत वसूल कर डाली. इनके बीच ‘कॉकटेल 2’ और ‘मां इंति बंगारम’ के लिए अब लाखों कमाने भी मुश्किल हो रहे हैं. चलिए यहां इन सभी फिल्मों के थर्सडे का कलेक्शन जान लेते हैं.
‘अल्फा’ ने गुरुवार को कितना किया कलेक्शन?
आलिया भट्ट की वाईआरएफ स्पाई थ्रिलर ‘अल्फा’ ने गुरुवार को सिनेमाघरों में अपनी रिलीज का एक हफ्ता पूरा कर लिया. इस फिल्म ने बुधवार को 2.85 करोड़ रुपये कमाए थे वहीं गुरुवार को इसकी कमाई में और गिरावट आई है. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘अल्फा’ ने थर्सडे यानी रिलीज के 7वें दिन 2.60 करोड़ कमाए हैं. इसी के साथ इस फिल्म के एक हफ्ते का कुल कलेक्शन अब 47.55 करोड़ रुपये हो गया है.
‘वेलकम टू द जंगल’ का दूसरे गुरुवार का कितना रहा कलेक्शन
अक्षय कुमार की कॉमेडी फ़िल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने भी गुरुवार को सिनेमाघरों में अपने दो हफ्ते पूरे कर लिए. इस फिल्म ने अल्फा से टक्कर लेने के बावजूद अपने दूसरे हफ्ते में भी अच्छी पकड़ बनाए रखी. अहमद खान निर्देशित इस फिल्म ने सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक रिलीज के 14वें दिन यानी दूसरे गुरुवार को 2.15 करोड़ का कलेक्शन किया है. इसी के साथ इस फिल्म की भारत में 14 दिनों की कुल नेट कमाई अब 125.05 करोड़ रुपये हो गई है.
‘कॉकटेल 2’ ने तीसरे गुरुवार कितना किया कलेक्शन?
होमी अदजानिया के डायरेक्शन में बनी शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘कॉकटेल 2’ ने गुरुवार को सिनेमाघरों में तीन हफ्ते पूरे कर लिए. इस फिल्म ने शुरुआती दो हफ़्तों में तो अच्छा परफॉर्म किया लेकिन तीसरे हफ़्ते में इसकी रफ़्तार काफी धीमी रही यहां तक कि इसकी कमाई लाख के दायरे में सिमट गई. फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो कॉकटेल 2 ने रिलीज के 21वें दिन यानी तीसरे गुरुवार को 45 लाख रुपये का कलेक्शन किया. तीसरे बुधवार को भी इसने 45 लाख रुपये ही कमाए थे. इसी के साथ ‘कॉकटेल 2’ की 21 दिनों की भारत में कुल नेट कमाई अब 94.35 करोड़ रुपये हो गई है.
मां इंति बंगारम ने दूसरे गुरुवार कितना कमाया?
सामंथा रूथ प्रभु की फिल्म मां इंति बंगारम को रिलीज हुए भी तीन हफ्ते पूरे हो गए हैं. इस दौरान इस फिल्म ने अच्छी कमाई की. हालांकि तीसरे हफ्ते में इसके कलेक्शन में काफी मंदी भी देखी गई. वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक रिलीज के 21वें दिन यानी तीसरे गुरुवार को इस फिल्म ने 33 लाख रुपये कमाए हैं. इसी के साथ इस फिल्म की भारत में 21 दिनों की कुल नेट कमाई अब 59.62 करोड़ रुपये हो गई है.