‘केजीएफ’ स्टार यश की अपकमिंग एक्शन फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की रिलीज का फैंस को बेसब्री से इंतजार है. पहले ये धुरंधर 2 के साथ 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी लेकिन फिर इसकी रिलीज 4 जून तय की गई. लेकन अब दूसरी बार ‘टॉक्सिक’ की रिलीज टल गई है. ऐसे में यश ने खुद इस फिल्म के बार-बार रिलीज टलने पर चुप्पी तोड़ी है और देरी की असल वजह का खुलासा किया है?
‘टॉक्सिक’ की रिलीज में क्यों हो रही देरी?
हाल ही में, यश ने वैरायटी इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में ‘टॉक्सिक’ की रिलीज में देरी के फैसले के बारे में बात की. अप्रैल में, यश ने खुलासा किया कि फिल्म एक बार फिर पोस्टपोन्ड हो गई है और 4 जून की रिलीज डेट आगे बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि फिल्म पूरी हो चुकी है, लेकिन टीम फिलहाल ग्लोबल डिस्ट्रिब्यूशन और स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप को फाइनल करने पर ध्यान दे रही है.
वहीं अब वैराइटी इंडिया से फिल्म की रिलीज टलने पर बात करते हुए यश ने कहा, “अभी मैंने समय लेकर इस फिल्म को रिलीज करने का फैसला किया है. यह बात मेरे फैंस या भारत के लोगों को पसंद नहीं आएगी. वे नाराज होंगे क्योंकि कल्चरली फिल्म की शूटिंग शुरू होते ही एक समय सीमा तय हो जाती है. शूटिंग खत्म होते ही लोग इसके बारे में लिखने लगते हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “वेस्ट में, सब कुछ फिल्म पूरी होने के बाद ही शुरू होता है. अगर कोई फिल्म खरीदना चाहता है या फिल्म का हिस्सा बनना चाहता है, तो वे फिल्म देखना चाहते हैं क्योंकि इसमें बहुत पैसा लगा होता है. ये वो चीजें हैं जो चुनौतियां पेश करती हैं, लेकिन मुझे लगता है कि मुझे अपने लोगों पर भरोसा है, इसलिए वे समझते हैं कि हम जो करने की कोशिश कर रहे हैं, वही हम सभी को करना चाहिए.”
‘टॉक्सिक’ की रिलीज दूलरी बार टली है
यह दूसरी बार है जब फिल्म की रिलीज़ तय तारीख से आगे बढ़ाई गई है. पहले यह फिल्म 19 मार्च को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली थी और इस दौरान यह रणवीर सिंह की आदित्य धर द्वारा निर्देशित फिल्म धुरंधर 2 से टकराने वाली थी. हालांकि, मिडिल ईस्ट की टेंशन के चलते फिल्म की रिलीज़ 19 मार्च से बढ़ाकर 4 जून कर दी गई, जिससे ये क्लैश टल गया था.
दूसरी बार फिल्म की रिलीज़ में देरी होने पर, यश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान जारी कर इसके पीछे का कारण बताया था. उन्होंने लिखा था, “कुछ फिल्में हम बनाते हैं, और कुछ फिल्में हमें याद दिलाती हैं कि हमें सिनेमा से प्यार क्यों हुआ, टॉक्सिक ऐसी ही एक जर्नी रही है. सिनेमाकॉन में अपनी फिल्म का प्रदर्शन करना और ग्लोबली मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने हमारे उस विश्वास को और पुख्ता कर दिया है जो हम हमेशा से मानते आए हैं कि ये फिल्म दुनिया भर में अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने की हकदार है.”
‘टॉक्सिक’ के बारे में
यश और गीतू मोहनदास द्वारा लिखित और गीतू मोहनदास द्वारा निर्देशित, टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स में यश मुख्य भूमिका में हैं, उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी हैं. 2023 में अनाउंस की गई इस फिल्म की शूटिंग 2024 में शुरू हुई थी. इसे कन्नड़ और अंग्रेजी में एक साथ शूट किया गया था, ये फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में डब होकर भी रिलीज़ होगी.