मंडे को बॉक्स ऑफिस के अखाड़े में कई नई और कुछ हफ्ते पुरानी फिल्मों के बीच कड़ा मुकाबला दिखा. इन सब पर साउथ की फिल्म करुप्पु भारी पड़ी. वहीं बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ सोमवार को उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. चलिए यहां ‘आखिरी सवाल’ से लेकर ‘कृष्णावतारम पार्ट 1’ और ‘राजा शिवाजी’ तक सभी फिल्मों के मंडे कलेक्शन की रिपोर्ट जानते हैं.
पति पत्नी और वो दो ने तीसरे मंडे कितनी की कमाई?
सैकनिल्क के आंकडों के मुताबिक ‘पति पत्नी और वो दो’ ने रिलीज के तीसरे दिन य़ानी संडे को 7.75 करोड़ रुपये कमाए थे हालांकि, सोमवार को फिल्म का कलेक्शन मात्र 3.25 करोड़ रुपये रहा. यानी मंडे को फिल्म के कलेक्शन में लगभग 50 प्रतिशत की गिरावट आई. इसी के साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 20.75 करोड़ रुपये हो गया है. बता दें कि ‘पति पत्नी और वो दो’ में आयुष्मान खुराना के साथ सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं.
आखिरी सवाल का मंडे केलक्श कितना रहा?
संजय दत्त की हालिया रिलीज फिल्म ‘आखिरी सवाल’ बॉक्स ऑफिस पर महज चार दिन में ही बुरी तरह पिट चुकी है. इस फिल्म ने अपनी रिलीज के तीसरे दिन, रविवार को महज 80 लाख रुपये कमाए थे. वहीं मंडे टेस्ट में तो ये बुरी तरह फेल हो गई, सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक इस फिल्म ने सोमवार को यानी अपनी रिलीज के चौथे दिन केवल 21 लाख रुपये ही कमाए. फिल्म का चार दिनों का भारत में कुल कलेक्शन अब 2.16 करोड़ रुपये हुआ है.
करुप्पु ने मंडे को कितनी की कमाई?
सूर्या की साउथ इंडियन फिल्म ‘करुप्पु’ फिलहाल सबसे अच्छा परफॉर्म कर रही है. इसने सभी फिल्मों पर बढ़त बनाई हुई है. बता दें कि सैकनिल्क के अर्ली ट्रेंड आंकड़ों के मुताबिक इस फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन यानी मंडे को 14.30 करोड़ रुपये कमाए, जबकि तीसरे दिन इसने 28.35 करोड़ रुपये कमाए थे. इसी के साथ ‘करुप्पु’ का भारत में चार दिनों का नेट कलेक्शन अब 82.30 करोड़ रुपये हो चुका है. उम्मीद है कि फिल्म जल्द ही 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो जाएगी.
कृष्णावतारम पार्ट 1 ने दूसरे मंडे कितनी की कमाई?
‘कृष्णावतारम पार्ट 1’ ने रिलीज के दूसरे वीकेंड तक बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म किया था लेकिन दूसरे मंडे को इसकी कमाई को बड़ा झटका लगा है. बता दें कि सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक रिलीज के 12वें दिन इस फिल्म ने महज 73 लाख रुपये कमाए, जबकि 11वें दिन इसने 3.20 करोड़ रुपये कमाए थे. फिल्म की कुल कमाई भारत में अब 20.95 करोड़ रुपये हो चुकी है. बता दें कि इसकी कहानी भगवान कृष्ण के जीवन पर आधारित है.
राजा शिवाजी की तीसरे मंडे की कितनी रही कमाई?
रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित और स्टारर फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने रिलीज के 18वें दिन 1.15 करोड़ रुपये कमाए, जबकि 17वें दिन इसने 3.45 करोड़ रुपये कमाए थे. बता दें कि इस फिल्म की भारत में 18 दिनों की नेट कमाई अब 85.71 करोड़ रुपये हो चुकी है.