ममूटी और मोहनलाल स्टारर फिल्म ‘पैट्रियट’ ग्लोबल लेवल कुछ उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद सिनेमाघरों में निराशाजनक परफॉर्म कर रही है. ये एक्शन थ्रिलर भारत में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखने में असफल साबित हुई है. हालांकि, विदेशी दर्शक अभी भी फिल्म को ठीक रिस्पॉन्स दे रहे हैं जिसके चलते इसने वर्ल्डवाइड ठीक कमाई कर ली है. चलिए यहां जानते हैं ‘पैट्रियट’ ने रिलीज के 7वेंदिन कितना कलेक्शन किया है?
‘पैट्रियट’ का घरेलू बाजार में कितना रहा कलेक्शन?
‘पैट्रियट’ ने सिनेमाघरों में रिलीज का एक हफ्ता पूरा कर लिया है. वहीं भारत में ये फिल्म दर्शकों को इम्प्रेस नहीं कर पाई और इसी के साथ ये कमाई भी नहीं कर पाई है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक ‘पैट्रियट’ ने रिलीज के 7वें दिन 93 लाख का कलेक्शन किया है. इसी के साथ इस फिल्म का भारत में 7 दिनों का कुल नेट कलेक्शन 26.98 करोड़ रुपये हो गया जबकि इसका भारत में ग्रॉस कलेक्शन फिलहाल 31.30 करोड़ रुपये है.
‘पैट्रियट’ के विदेशी आंकड़ों ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया
विदेशी बाजार ने ‘पैट्रियट’ के कुल कारोबार में अहम योगदान दिया है. फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 41.50 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसके साथ ही, फिल्म का सात दिनों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 72.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. घरेलू कमाई में तेजी से गिरावट के बावजूद, विदेशी दर्शकों के मजबूत सपोर्ट ने फिल्म को विश्व स्तर पर पूरी तरह से धराशायी होने से बचा लिया है.
कितना बजट वसूल पाई है ‘पैट्रियट’?
महेश नारायणन की मलयालम एक्शन थ्रिलर ‘पैट्रियट’ का125 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बनी बताया जा रहा है. इस फिल्म ने एक हफ्ते में घरेलू बाजार में अपनी आधी लागत वसूलना तो दूर 30 करोड़ का आंकडा भी पार नहीं किया है. ऐसे में ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट चुकी है. बता दें कि इसी के साथ मोहनलाल ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपनी लगातार दूसरी फ्लॉप फिल्म दी है. इससे पहले 2025 में आई उनकी एक्शन फिल्म वृषभा ने मात्र 1.64 करोड़ की कमाई की थी. ‘पैट्रियट’ से उम्मीद थी कि यह आडू 3, वाझा 2 और प्रकंबनम के बाद 2026 में मलयालम सिनेमा की सफलता की लय को बरकरार रखेगी. लेकिन इसके बजाय, ये बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फ्लॉप साबित हुई है.