नानी की लेटेस्ट फिल्म ‘द पैराडाइज’ 24 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. ये फिल्म नानी की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बन गई है. हालांकि दर्शकों से इसे मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला. फिल्म को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच, नानी ने हाल ही में डायरेक्टर श्रीकांत ओडेला के साथ फिर से काम करने के अपने फैसले के बारे में बात की. इससे पहले ये जोड़ी ‘दसारा’ में साथ काम कर चुकी है.
दरअसल टिकटिंग प्लेटफॉर्म ‘डिस्ट्रिक्ट’ के साथ ‘द पैराडाइज’ के प्रमोशनल वीडियो शूट के दौरान, एक्टर ने बताया कि आखिर किस वजह से उन्होंने ‘द पैराडाइज’ के लिए हामी भरी थी.
नानी ने बताया कि उन्होंने ‘द पैराडाइज’ क्यों चुनी
‘द पैराडाइज’ में लीड रोल करने के अपने फैसले के बारे में बात करते हुए नानी ने कहा कि श्रीकांत ओडेला पर उनका भरोसा एक अहम वजह थी. एक्टर के मुताबिक, फिल्ममेकर एक मेनस्ट्रीम कमर्शियल फिल्म बनाना चाहते थे, लेकिन साथ ही उसे एक अलग तरह का विजुअल और इमोशनल ट्रीटमेंट भी देना चाहते थे.
नानी ने कहा, “श्रीकांत (‘द पैराडाइज’ के डायरेक्टर) पर एक तरह का भरोसा था. वह मेनस्ट्रीम कमर्शियल सिनेमा में दर्शकों के लिए एक अलग तरह का एक्सपीरियंस बनाना चाह रहे थे. लेकिन ऐसा नहीं जैसा हम आम तौर पर देखते हैं. इसमें एक बहुत ही अनोखी और रॉ एनर्जी है.”
एक्टर ने आगे कहा कि फिल्म में वे सभी चीजें भी हैं जिनकी दर्शक कमर्शियल सिनेमा से उम्मीद करते हैं, लेकिन उन्हें टेक्निकली मजबूत और भावनात्मक रूप से जोड़ने वाले अंदाज में पेश किया गया है.
नानी ने कहा वे ‘जडल’ जैसे बिल्कुल नहीं हैं
‘द पैराडाइज़’ में नानी ने ‘जडल’ का किरदार निभाया है जो एक बहुत ही गंभीर और असरदार किरदार है और एक्टर की असल जिंदगी की पर्सनैलिटी से बिल्कुल अलग है. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे इस किरदार से खुद को जोड़ पाते हैं, तो नानी ने साफ किया कि उनमें और किरदार में बहुत कम समानता है.
नानी ने कहा, “मैं ‘पैराडाइज’ के जडल जैसा बिल्कुल नहीं हूं, शायद मैं ‘सारिपोधा शनिवारम’ के सूर्या के थोड़ा ज्यादा करीब हूं, ऐसा नहीं है कि मुझे शनिवार को गुस्सा आता है या ऐसा कुछ होता है.”
उन्होंने अपनी तुलना ‘अला मोदलाइंदी’ में निभाए गए किरदार गौतम से भी की. उन्होंने आगे कहा, “आमतौर पर मैं घर पर जैसा रहता हूं, वैसा ही,और ‘अला मोदलाइंदी’ का गौतम भी.”
‘किरदार बहुत भारी था’
नानी ने जडल का किरदार निभाने के असर के बारे में भी बात की और बताया कि शूटिंग के बाद उस किरदार से पूरी तरह बाहर निकलने में उन्हें कुछ समय लगा. उन्होंने कहा, “पैराडाइज’ जैसी गंभीर फिल्मों के लिए, उनसे पूरी तरह बाहर निकलने में थोड़ा समय लगता है. क्योंकि वह किरदार बहुत भारी था.”
‘द पैराडाइज’ के बारे में
‘दसारा’ के बाद नानी ने श्रीकांत ओडेला के साथ अब द पैराडाइज की है. यह फिल्म एक ज्यादा सीरियस और रफ-एंड-टफ दुनिया को दिखाती है, जिसमें नानी जडल का किरदार निभा रहे हैं. फिल्म के रिलीज होने और दर्शकों से मिले-जुले रिव्यू मिलने के बाद, नानी ने सोशल मीडिया पर आलोचनाओं पर बात की.
एक्टर ने दर्शकों को उनके सपोर्ट के लिए थैंक्यू किया और कहा कि उन्हें ट्रोलिंग में मजा आया, साथ ही उन्होंने यह भी माना कि उन्होंने फिल्म की कमियों से कुछ सीखा है.